Site icon Grand Gumber News

अकलतरा पुलिस की तत्परता से बड़ा चोरी का मामला उजागर, तांबा तार चोरी कर बेचने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, 20 किलो माल बरामद

थाना अकलतरा पुलिस ने क्रेशर प्लांट में लगी तांबा तार की बड़ी चोरी का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी और चोरी के माल के खरीदार दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। प्रार्थी मुकेश कुमार जैन, निवासी अकलतरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि किरारी स्थित क्रेशर प्लांट में लगे केबल तार, सर्विस तार और तांबा तार लगभग 400 मीटर सहित क्षेत्र के अन्य 5 क्रेशर मालिकों के प्लांट में लगे कुल 1520 मीटर तांबा तार को 25-26 नवंबर की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने चोरी कर लिया है।

शिकायत पर थाना अकलतरा में बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि किरारी में रहने वाला पुराना आदतन चोर राजेंद्र साहू घटना वाली रात प्लांटों के आसपास घूमते देखा गया था। संदेह के आधार पर उसे अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने 6 अलग-अलग क्रेशर प्लांटों से तार चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपी ने चोरी किए गए तांबा तार को जला कर कटघोरा निवासी शेख रिजवान को बेचने की जानकारी दी। पूछताछ के बाद पुलिस ने रिजवान से 20 किलो जला हुआ तांबा तार बरामद किया। चोरी के रुपए से राजेंद्र ने कपड़े खरीदने और अन्य खर्च करने की बात भी कबूल की।दोनों आरोपियों के विरुद्ध अपराध प्रमाणित होने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Exit mobile version