Site icon Grand Gumber News

अखंड भारत के शिल्पी सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर कोटा में भव्य यूनिटी मार्च,केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने किया शुभारंभ, युवाओं में दिखा देशभक्ति का जोश

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर बिलासपुर संसदीय क्षेत्र के कोटा में आज भव्य यूनिटी मार्च का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने आदि शक्ति मां महामाया के दर्शन कर रैली का शुभारंभ किया। राम मंदिर पड़ावपारा से निकली पदयात्रा ने नगर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा कि सरदार पटेल ने अपने दृढ़ संकल्प और अदम्य साहस से अखंड भारत की नींव रखी। उनका जीवन अनुशासन, समर्पण और सेवा का उदाहरण है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे सरदार पटेल के आदर्शों को अपनाकर देश निर्माण में भागीदारी निभाएं। नगर पंचायत अध्यक्ष सरोज दुर्गेश साहू ने कहा कि लौह पुरुष पटेल का योगदान भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में अंकित है।रैली में सैकड़ों छात्र-छात्राएं, युवा, महिला समूह और सामाजिक संगठन तिरंगा लेकर शामिल हुए। “भारत माता की जय” और “सरदार पटेल अमर रहें” के नारों से पूरा नगर गूंज उठा। रथ, लोकनृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। पदयात्रा का समापन जय स्तंभ नाका चौक पर हुआ, जहां स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में तखतपुर और मस्तूरी में भी एकता मार्च का आयोजन किया गया।

Exit mobile version