Site icon Grand Gumber News

अगले सत्र के लिए कॉलेज एडमिशन आरंभ, पोर्टल के जरिए करना होगा आवेदन।

उच्च शिक्षा विभाग ने सत्र 2024-25 के लिए मंगलवार से प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस सत्र में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रवेश होना है। स्नातक में सेमेस्टर सिस्टम रहेगा। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार ऑनलाइन आवेदन यूनिवर्सिटी के पोर्टल से करना है। बिलासपुर के छात्र अटल यूनिवर्सिटी के पोर्टल से आवेदन कर सकेंगे। छात्र एयू से संबद्ध 125 कॉलेजों के साथ पहली बार साइंस कॉलेज और बिलासा गर्ल्स कॉलेज में प्रवेश के लिए भी यूनिवर्सिटी के पोर्टल से ही आवेदन कर सकेंगे।

मंगलवार से कॉलेजो में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पोर्टल खुल गए हैं, एयू के पोर्टल पर पंजीयन करते समय छात्रों को 100 रुपए का शुल्क लगेगा। इसके बाद छात्रों को अपना पूरा डिटेल भरना होगा। इसके बाद सब्मिट करना होगा। छात्र एक बार पंजीयन कराने के बाद जितने कॉलेजों में चाहें आवेदन कर सकते हैं। इस बार यूनिवर्सिटी ने 5 कॉलेज की लिमिट खत्म कर दी है।अटल यूनिवर्सिटी के 125 कॉलेजों में स्नातक की 39 हजार 575 सीटें हैं।

गौरतलब हैं कि पिछले सत्र में इन सीटों के लिए 1 लाख 19 हजार 324 आवेदन आए थे। वहीं एयू के सभी कॉलेजों में पीजी की 17 हजार 40 सीटें हैं। पिछले सत्र में इन सीटों के लिए 49 हजार 22 छात्रों ने आवेदन किया था। पिछली बार प्रवेश के समय कई बार यूनिवर्सिटी को तारीख बढ़ानी पड़ी थी, इसके बाद भी सीटें खाली रह गई थीं। हालांकि प्राइवेट छात्रों के प्रवेश के समय प्राइवेट कॉलेजों ने इसकी भरपाई की थी, पर इस बार राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत प्रवेश होना है। इसमें प्राइवेट छात्रों को लेकर अभी तक असमंजस बना हुआ है। अब ऐसे में नियमित छात्रों के भरोसे ही यूनिवर्सिटी और कॉलेज को चलना है।

Exit mobile version