
बिलासपुर शहर की प्रतिष्ठित रंग संस्था अग्रज नाट्य दल द्वारा इस वर्ष भी 40 दिवसीय रंगमंच और अभिनय कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।यह कार्यशाला 15 मई से आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, तिलक नगर में प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक आयोजित होगी। कार्यशाला में अभिनय, संवाद अदायगी, देहभाषा, भावाभिव्यक्ति, नाट्य संगीत, मंच अनुशासन और चरित्र निर्माण जैसी रंगमंचीय विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी और निर्देशक सुनील चिपड़े द्वारा किया जाएगा, जिन्हें रंगमंच के क्षेत्र में 35 वर्षों से अधिक का अनुभव है। उन्होंने 50 से अधिक नाटकों का निर्देशन किया है और कविता, कहानी, शॉर्ट फिल्म व डॉक्यूमेंट्री के मंचन व निर्माण में भी सक्रिय हैं। कार्यशाला में विशेष सत्र राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) नई दिल्ली से स्नातक कुणाल भांगे लेंगे, जो अभिनय की विविध शैलियों पर गहन प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। अग्रज नाट्य दल वर्ष 1993 से बिलासपुर में सक्रिय है और लगातार रंगमंच के माध्यम से युवाओं को सशक्त मंच प्रदान कर रहा है। यह कार्यशाला न केवल थिएटर, फिल्म, वेब सीरीज या यूट्यूब में अभिनय के इच्छुक युवाओं के लिए उपयोगी है, बल्कि उन सभी के लिए भी लाभकारी है जो अपने व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास में वृद्धि करना चाहते है।




