
अंजोर छत्तीसगढ़ विजन 2047 को लेकर आज बिलासपुर स्थित अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। संगोष्ठी में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, बुद्धिजीवी और विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ मौजूद रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना युवाओं के बिना अधूरा है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि प्रदेश और देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे अहम है। अगर युवा आगे नहीं आएंगे, तो विकसित छत्तीसगढ़ बनाना मुश्किल होगा। उन्होंने कहा कि हर नागरिक को इस लक्ष्य के लिए जन आंदोलन के रूप में जुड़ना होगा।

ओपी चौधरी ने आगे कहा कि बदलते समय के साथ हर व्यक्ति को अपनी सोच और मानसिकता को विकास के अनुरूप ढालना जरूरी है। जब समाज का हर वर्ग अपने स्तर पर योगदान देगा, तभी विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ का सपना साकार हो पाएगा। उन्होंने युवाओं से नवाचार, कौशल विकास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। वहीं इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति ए. डी. एन. वाजपेई ने कहा कि जुलाई 2025 में वित्त मंत्री ओपी चौधरी द्वारा “अंजोर छत्तीसगढ़” नाम से एक विजन डॉक्यूमेंट प्रस्तुत किया गया था, जिसे प्रदेशभर में काफी सराहना मिली।

उन्होंने बताया कि इस विजन डॉक्यूमेंट में वर्ष 2047 तक 12 प्रतिशत विकास दर हासिल करने का लक्ष्य रखा गया है।कुलपति ने कहा कि संगोष्ठी में इस बात पर विस्तार से चर्चा की गई कि इतनी तेज विकास दर कैसे प्राप्त की जा सकती है। शिक्षा के क्षेत्र में क्या चुनौतियां हैं, स्वास्थ्य सेवाओं को कैसे बेहतर बनाया जाए, मजबूत और सुरक्षित सड़कें कैसे बनाई जाएं, युवाओं के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए जाएं इन सभी विषयों पर गंभीर मंथन हुआ। कार्यक्रम में वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि विजन 2047 केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा है। संगोष्ठी के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सरकार, शिक्षा संस्थान, युवा और समाज—सब मिलकर ही छत्तीसगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।




