Site icon Grand Gumber News

अपोलो रोड बना हादसे का हॉटस्पॉट, बीच सड़क पर गड़े लोहे के टुकड़े बने खतरा

बिलासपुर। शहर की सड़कों का खराब होना अब आम बात हो गई है, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। बिलासपुर के अपोलो अस्पताल जाने वाले मार्ग पर पहले एक चौक हुआ करता था, जिसे अब हटा दिया गया है। चौक हटाने के बाद वहां बड़े-बड़े लोहे के टुकड़े बीच सड़क में ही गड़े रह गए हैं। यह स्थिति राहगीरों और वाहन चालकों के लिए बड़ा खतरा बन चुकी है।स्थानीय निवासियों ने बताया कि करीब दो महीने पहले चौक तोड़ने का काम किया गया था, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत नहीं की गई। वहीं, लोहे के रॉड और पत्थर बीच सड़क में गड़े हुए हैं। इसके कारण दोपहिया वाहनों के पंचर होने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। राहगीरों का कहना है कि दिन में तो किसी तरह सावधानी बरतकर लोग निकल जाते हैं, लेकिन रात के समय यह जगह बेहद खतरनाक साबित हो रही है।

निवासियों का कहना है कि रात में सड़क पर पर्याप्त रोशनी न होने की वजह से कई बार साइकिल, ऑटो और ई-रिक्शा चालक इन लोहे के टुकड़ों से टकरा जाते हैं। इससे छोटे-मोटे हादसे आम हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने कई बार अपनी तरफ से अस्थायी उपाय किए जैसे टायर या झंडा लगाकर खतरे की सूचना देना लेकिन स्थायी समाधान अभी तक नहीं मिला है। लोगों का कहना है कि अपोलो रोड पर रोजाना सैकड़ों मरीज, एंबुलेंस और स्कूली वाहन गुजरते हैं, ऐसे में यह स्थिति किसी बड़ी दुर्घटना को जन्म दे सकती है। क्षेत्रवासी कई बार नगर निगम और जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस ओर दिला चुके हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम से इस मार्ग की तत्काल मरम्मत कराने और लोहे के रॉड हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि जल्द सुधारात्मक कदम नहीं उठाए गए, तो यह सड़क किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। फिलहाल, लोगों में प्रशासन की उदासीनता को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है।

Exit mobile version