Site icon Grand Gumber News

अभनपुर में हिट एंड रन: सवारी बस ने बाइक सवार को रौंदा, मौके पर मौत, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बस और चालक की पहचान ,जल्द गिरफ्तारी होगी

अभनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एक दर्दनाक हिट एंड रन की घटना सामने आई है। रायपुर–राजिम मुख्य मार्ग पर ग्राम मानकिचौरी के पास एक तेज रफ्तार सवारी बस ने बाइक सवार को कुचल दिया, जिससे बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान धमतरी जिले के निवासी के रूप में हुई है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।रायपुर से राजिम की ओर जा रही सवारी बस ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए बाइक को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और बस के पहियों के नीचे आ गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। अभनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस ने बताया कि घटना स्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि बस और उसके चालक की पहचान की जा सके। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि हादसा रायपुर से राजिम चलने वाली सवारी बस से हुआ है। पुलिस संबंधित बस ऑपरेटरों से भी पूछताछ कर रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ने का दावा कर रही है।इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार बसों पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version