Site icon Grand Gumber News

अमृत मिशन के पाइप लाइन में लीकेज, सरकंडा क्षेत्र में 1600 से अधिक घरों में पानी की सप्लाई ठप।

एक बार फिर अमृत मिशन के पाइप लाइन में लीकेज होने से सरकंडा क्षेत्र के 1600 से अधिक घरों में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई, हालांकि इसमें सुधार का दावा किया जा रहा है। बिलासपुर में अमृत मिशन योजना के तहत खुटाघाट से पानी लाकर बिलासपुर में सप्लाई किया जा रहा है। इससे संकट के समाधान की बात कही जा रही है, लेकिन बार-बार पाइप लाइन में लीकेज और दरार आने से गर्मी के इस मौसम में सुचारू रूप से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही। गुरुवार को सरकंडा क्षेत्र में इंदिरा विहार गेट के सामने अमृत मिशन की पाइपलाइन फूट गई। शाम को हुई इस घटना में हजारों लीटर पानी सड़क पर बह गया। इस घटना से पास ही स्थित बाल संप्रेक्षण गृह के परिसर में भी पानी भर गया। इससे पहले इस तरह की घटना तोरवा और जगमल चौक क्षेत्र में हो चुकी है, जिससे पानी की सप्लाई कई दिनों तक बाधित रही। गुरुवार को पाइप लाइन फूट जाने की सूचना पाकर पहुंची टीम ने रात भर सुधार कार्य किया, जिस वजह से गुरुवार के बाद शुक्रवार सुबह भी क्षेत्र के घरों में पानी की सप्लाई नहीं हुई। गर्मी के मौसम में पानी की सप्लाई न होने से लोग परेशान हुए।

गुरुवार को पाइपलाइन फूटने के बाद तेजी से बाहते पानी की वजह से सड़क पर बड़ा सा कटाव भी बन गया, तो वहीं कॉलोनी की ओर ढलान में पानी बहने लगा, जो बाल संप्रेक्षण गृह में भी जा घुसा। इस वजह से बंधवा पारा जाने वाली सड़क पर भी पानी बहता रहा। पाइपलाइन लीकेज की वजह से सरकंडा के चिंगराज पारा, चांटीडीह, अशोक विहार, जगदंबा कॉलोनी, श्लोक विहार समेत कई क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं हो पाई। पानी के पाइपलाइन में दरार किस वजह से आई, इसकी जानकारी भी निगम के इंजीनियरों को नहीं है। उनका मानना है की नाली की सफाई के दौरान ऐसा हुआ होगा। आपको बता दे कि बिलासपुर में 301 करोड़ की लागत से अमृत मिशन योजना के तहत शहर में 276 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई गई है। इसके जरिए करीब 35 हजार घरों में पानी की सप्लाई की जा रही है, लेकिन आए दिन पाइपलाइन में गड़बड़ी की वजह से किसी न किसी क्षेत्र में सप्लाई बाधित हो रही है। बिरकोना डब्ल्यूटीपी से रोजाना 30 एमएलडी पानी की सप्लाई होती है, लेकिन दो एमएलडी पानी वितरण प्रणाली, लीकेज आदि से ही बर्बाद हो रहा है। मेन पाइप लाइन फूटने पर लाखों लीटर पानी की बर्बादी होती है और इस वजह से अक्सर पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो रही है, जिस पर ध्यान देने की जरूरत है।

Exit mobile version