
अमृत मिशन के तहत शहर में पेयजल आपूर्ति को लेकर एक बार फिर तकनीकी खामी सामने आई है। अशोक नगर–बिरकोना में बने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में आई खराबी के कारण कई वार्डों में नियमित जलापूर्ति बाधित हो गई है। इसके चलते नगर निगम को वैकल्पिक व्यवस्था के सहारे पानी की सप्लाई करनी पड़ रही है।विदित है कि अमृत मिशन योजना के अंतर्गत अशोक नगर–बिरकोना में स्थापित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में 31 दिसंबर की रात अचानक तकनीकी समस्या उत्पन्न हो गई। इस खराबी के चलते पानी टंकियों तक पहुंचाने वाली मुख्य व्यवस्था ठप हो गई, जिससे शहर के कई वार्डों में जल संकट की स्थिति बन गई। स्थिति को संभालने के लिए नगर निगम प्रशासन ने वैकल्पिक इंतजाम किए हैं। निगम द्वारा बोर के माध्यम से पानी टंकियों को भरा जा रहा है, वहीं जरूरत के अनुसार टैंकरों से भी जल आपूर्ति की जा रही है।नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी समस्या को दूर करने का कार्य जारी है और आगामी दो से तीन दिनों में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से जलापूर्ति सामान्य हो जाएगी। हालांकि, यह पहली बार नहीं है जब अमृत मिशन परियोजना में तकनीकी खामी सामने आई हो। इससे पहले भी ऐसी समस्याओं के कारण शहर में पानी की गंभीर किल्लत हो चुकी है। बार-बार आ रही इन दिक्कतों से यह सवाल उठने लगे हैं कि कहीं परियोजना में ही कोई बड़ी खामी तो नहीं है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन को स्थायी समाधान की दिशा में गंभीरता से कदम उठाने की आवश्यकता है।




