Site icon Grand Gumber News

अयोध्या के लिए रवाना हुई तीर्थ यात्री विशेष ट्रेन, रामलला दर्शन को लेकर भक्तों में उमंग का माहौल साढ़े आठ सौ श्रद्धालु हुए शामिल मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति जताया आभार

बुधवार को श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब अयोध्या धाम के लिए तीर्थ यात्री विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस ट्रेन में लगभग साढ़े आठ सौ श्रद्धालु सवार हुए, जो भगवान श्रीरामलला के दर्शन के लिए निकले। कार्यक्रम स्थल पर भक्ति और उल्लास का वातावरण था, जहां यात्रियों ने ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से माहौल को भावनाओं से भर दिया।यात्रियों ने इस अवसर पर अपनी खुशी साझा करते हुए कहा कि यह उनके जीवन का सबसे सौभाग्यपूर्ण क्षण है, जब उन्हें श्रीरामलला के दर्शन का अवसर मिला है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल के कारण ही उन्हें यह अवसर प्राप्त हुआ है, और इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस जनकल्याणकारी योजना के तहत गांव-गांव से श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा का अवसर दिया जा रहा है। यात्रा से पहले उनका स्वागत बड़े उत्साह से किया गया और उन्हें अयोध्या भेजने से पहले विशेष पूजन-अर्चन कराया गया।

यह योजना श्रद्धालुओं को धार्मिक और सांस्कृतिक एकता से जोड़ने का प्रतीक बन गई है।कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, वरिष्ठ जनप्रतिनिधि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस योजना को “जनआस्था का महायज्ञ” करार दिया। श्रद्धालुओं के चेहरों पर रामलला के दर्शन की खुशी और भक्ति की चमक साफ झलक रही थी।

Exit mobile version