Site icon Grand Gumber News

अरपा परियोजना में जल प्रवाह की संभावना, नदी किनारे रहने वालों को अलर्ट

बिलासपुर, जल संसाधन संभाग, कोटा के कार्यपालन अभियंता द्वारा जारी आम सूचना में बताया गया है कि अरपा शृंखलाबद्ध बैराज परियोजना के जल ग्रहण क्षेत्र में बीते तीन दिनों से लगातार वर्षा हो रही है। इसके चलते बैराज में जल भराव की मात्रा तेजी से बढ़ रही है और वर्तमान में बैराज 60% से अधिक भर चुका है। सुरक्षा की दृष्टि से किसी भी समय अरपा नदी में जल छोड़ा जा सकता है।विभाग द्वारा बताया गया कि बैराज के डाउन स्ट्रीम में नदी किनारे स्थित क्षेत्रों में निवासरत नागरिकों, खनिज खदान, ईंट भट्टा, उद्योग, निर्माण एजेंसियों, ट्रैक्टर वाहन मालिकों और अन्य संबंधितों को सूचित किया गया है कि वे नदी के जल प्रवाह की संभावना को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था कर लें। विशेषकर नदी किनारे स्थित कार्यस्थल और उपकरणों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की सलाह दी गई है।विभाग ने स्पष्ट किया है कि संभावित जल प्रवाह के चलते नदी के किनारे कोई भी संपत्ति, मशीनरी, वाहन आदि क्षतिग्रस्त होते हैं तो उसकी जिम्मेदारी जल संसाधन विभाग की नहीं होगी। इसलिए आमजन, ग्रामीण और संबंधित पक्ष किसी भी प्रकार की हानि से बचने हेतु अलर्ट रहें। जल संसाधन विभाग ने बाढ़ नियंत्रण शाखा, कलेक्टोरेट तथा मुख्य अभियंता, हसदेव कछार को भी सूचित किया है ताकि आवश्यकतानुसार कार्रवाई की जा सके। विभाग ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

Exit mobile version