
थाना सुहेला क्षेत्र में स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र कुकूरदी में कथित रूप से श्रमिकों को उकसाकर जबरन कार्य बंद कराने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा स्वयं को मजदूर यूनियन का अध्यक्ष बताकर संगठित रूप से श्रमिकों को भड़काने और औद्योगिक शांति भंग करने के आरोप हैं।पुलिस ने बताया कि प्रार्थी बृजेश कुमार दुबे निवासी बलौदाबाजार की शिकायत पर दिनांक 12 जनवरी को मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी दिलीप वर्मा अपने साथियों के साथ संयंत्र के मुख्य द्वार पर एकत्र होकर संविदा श्रमिकों को डराने-धमकाने, झूठा प्रलोभन देने और जबरदस्ती काम बंद करवाने में शामिल था।आरोप है कि इस दौरान चक्का जाम की चेतावनी और जान से मारने की धमकी भी दी गई।मामले में थाना सुहेला में विभिन्न धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी दिलीप वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसके द्वारा अन्य साथियों के साथ मिलकर संगठित रूप से इस कृत्य को अंजाम देने की बात स्वीकार करने का पुलिस ने दावा किया है।पुलिस ने आरोपी दिलीप वर्मा निवासी ग्राम खम्हरिया थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य कथित आरोपियों की तलाश जारी है और विवेचना प्रचलन में है।




