
बिलासपुर में अवैध धान संग्रहण और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई सोमवार को भी जारी रही। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर उड़नदस्ता टीम ने 8 स्थानों पर छापेमारी की, जहां से लगभग 7.5 लाख रुपए मूल्य के 600 बोरी (239 क्विंटल) धान जब्त किए गए। सभी मामलों में मंडी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। इस अभियान में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम शामिल थी।कार्रवाई के दौरान मस्तूरी ब्लॉक के जयराम नगर में धर्मेंद्र सूर्यवंशी से 60 बोरी, गोविंद अग्रवाल से 55 बोरी, सीपत के इंद्र वर्मा से 60 बोरी और विकास अग्रवाल के गोडाउन से 63 बोरी धान जब्त किया गया। तखतपुर के निगारबंद में व्यापारी नवीन अग्रवाल के संस्थान से 50 बोरी, सिलतरा के रामू साहू से 75 बोरी, सुखदेव साहू से 50 बोरी तथा समडील के सुनील यादव के संस्थान से 187 बोरी धान बरामद हुआ। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ यह कार्रवाई आगे भी सख्ती से जारी रहेगी।




