Site icon Grand Gumber News

अवैध शराब कारोबार पर बिलासपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 50 लाख की अवैध संपत्ति जब्त करने की प्रक्रिया शुरू,पहली बार BNS धारा 107 के तहत अवैध संपत्ति को फ्रीज करने की कार्यवाही न्यायालय में प्रस्तुत

कोनी पुलिस ने अवैध महुआ शराब बनाने और बेचने के संगठित कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत पुलिस ने आरोपियों की करीब 50 लाख रुपये की अवैध संपत्ति को जब्त करने की कार्यवाही शुरू कर दी है। यह प्रदेश की पहली कार्रवाई है जिसमें नवीन कानून बीएनएसएस धारा 107 का उपयोग करते हुए अवैध संपत्ति को फ्रीज करने के लिए कोर्ट में प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया है।थाना कोनी क्षेत्र में संतोष वर्मा, उसकी पत्नी देवीबाई वर्मा और पुत्र राहुल वर्मा लंबे समय से हाथ भट्ठी की अवैध शराब बनाकर बेचने का संगठित कारोबार चला रहे थे।

इन पर पहले भी कई बार पुलिस कार्रवाई हुई, लेकिन इनके गैरकानूनी धंधे में कोई कमी नहीं आई। पुलिस की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपियों ने अवैध शराब की कमाई से एक प्लॉट, दो मंजिला मकान, एक ट्रैक्टर, स्विफ्ट कार और दो मोटरसाइकिल खरीदी, जिनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेन्द्र जायसवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रमोद साबद्रा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राहुल तिवारी ने टीम गठित कर मामले की गहराई से जांच की।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों की कोई वैध आमदनी का स्रोत नहीं है, जिससे वे इतनी संपत्ति खरीद सकते थे।पुलिस ने केंद्र और राज्य सरकार की मंशा अनुरूप बीएनएसएस 2023 की धारा 107 के तहत अवैध शराब कारोबार से अर्जित संपत्ति को जब्त करने की अनुमति वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से प्राप्त कर ली है। कोनी थाना पुलिस ने इस संपत्ति को फ्रीज करने के लिए सक्षम न्यायालय में विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत कर दिया है, जिस पर जल्द ही कार्यवाही होगी।

Exit mobile version