
भारतीय अर्थव्यवस्था और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की बदलती भूमिका पर केंद्रित द्विदिवसीय संगोष्ठी दृष्टि का शुभारंभ आईसीएआई की बिलासपुर शाखा द्वारा किया गया। संगोष्ठी का उद्देश्य आर्थिक सुधारों, संरचनात्मक बदलावों और पेशेवर जिम्मेदारियों पर गहन चर्चा करना है। उद्घाटन दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद एवं केंद्रीय मंत्री तोखन साहू सहित आईसीएआई के राष्ट्रीय पदाधिकारी, एसईसीएल के वित्त निदेशक और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। शाखा अध्यक्ष मनीष सखुजा ने स्वागत भाषण में संगोष्ठी की प्रासंगिकता और उद्देश्य पर प्रकाश डाला।

पहले सत्र में वक्ताओं ने भारतीय अर्थव्यवस्था, वैश्विक चुनौतियों, डिजिटल इकोनॉमी, कर सुधार और स्टार्टअप संस्कृति पर विचार रखते हुए कहा कि आज सीए केवल लेखा विशेषज्ञ नहीं, बल्कि नीति निर्माण और आर्थिक सलाह में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।दूसरे सत्र में जीएसटी, प्रत्यक्ष कर, कॉर्पोरेट गवर्नेंस और पेशेवर नैतिकता पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ सीए, युवा सदस्य और आर्टिकल स्टूडेंट्स शामिल हुए। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसे प्रतिभागियों ने उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताया।




