Site icon Grand Gumber News

आजादी के जश्न में बवाल ,कवर्धा परेड ग्राउंड में नाबालिगों की मारपीट…

कवर्धा :- पूरे छत्तीसगढ़ में शुक्रवार को आजादी का जश्न धूमधाम से मनाया गया। इसी बीच कवर्धा में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के दौरान कई जगहों से मारपीट और गुंडागर्दी की खबरें सामने आईं। जहां एक ओर लोग देश की आजादी का पर्व मना रहे थे, वहीं दूसरी ओर कुछ बदमाश माहौल खराब करने में लगे रहे।सबसे बड़ी घटना जिला मुख्यालय के परेड ग्राउंड में हुई। यहां स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान चार नाबालिग युवकों में कुर्सी पर बैठने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया और एक युवक ने बेल्ट निकालकर दूसरे पर हमला कर दिया।अचानक हुई इस घटना से कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई।स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने तत्काल कार्रवाई की और दौड़ाकर चारों नाबालिगों को पकड़ लिया। उन्हें कोतवाली थाना ले जाया गया, जहां पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि सभी आरोपी स्वामी करपात्री स्कूल, कवर्धा के 9वीं कक्षा के छात्र हैं।पुलिस ने बताया कि इन छात्रों के बीच पहले से आपसी रंजिश थी और घटना के वक्त वे सूखा नशा करने के कारण असामान्य व्यवहार कर रहे थे। नाबालिग होने की वजह से पुलिस ने उन्हें कड़ी समझाइश देकर छोड़ दिया है। हालांकि, स्वतंत्रता दिवस जैसे गंभीर अवसर पर इस तरह की हरकत ने सुरक्षा व्यवस्था और माहौल दोनों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Exit mobile version