Site icon Grand Gumber News

आम आदमी पार्टी का रजिस्ट्री दर वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन

बिलासपुर। जिले में जमीनों की रजिस्ट्री और गाइडलाइन दरों में 500 से 1000 प्रतिशत तक हुई बढ़ोतरी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर जुटकर सरकार पर मनमानी का आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बढ़ी हुई दरों से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और गरीब वर्ग के लिए जमीन खरीदना असंभव हो जाएगा।

इसके साथ ही लंबे समय से रजिस्ट्री प्रक्रिया में बैन और कार्यालयों में कथित घूसखोरी पर भी आप कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। प्रदर्शन के दौरान रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर वित्त मंत्री और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री की तस्वीर और जमीन संबंधी नए नियमों की प्रतियां जलाकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारी यह आरोप भी लगा रहे थे कि विभाग में भ्रष्टाचार बढ़ा है और बिना घूस दिए आम नागरिकों का काम नहीं हो रहा है, जिससे जनता लगातार परेशान है।

स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री का पुतला जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतला छीन लिया और आगजनी रोकने की कोशिश की। इसके बाद जब कार्यकर्ताओं ने वित्त मंत्री की तस्वीर को जलाना शुरू किया, तब भी पुलिस ने फोटो छीनने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच बहसबाजी और हल्की छीनाझपटी की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने हालात को काबू में कर लिया।

प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने कहा कि गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी आम जनता के हितों के खिलाफ है और इससे सिर्फ जमीन कारोबारियों को फायदा होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने बिना जनता की सहमति और हित को ध्यान में रखे भारी भरकम दरें बढ़ा दी हैं। पार्टी पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दरों में तत्काल सुधार नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

Exit mobile version