
सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनन्दन फेस-2 आवासीय कॉलोनी में नियमों के विरुद्ध होटल का संचालन किए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए होटल आर वी आर को सील कर दिया। बताया जा रहा है कि उक्त होटल आवासीय क्षेत्र में संचालित हो रहा था जिससे कॉलोनीवासियों को लगातार असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय निवासियों द्वारा होटल संचालन को लेकर शोर-शराबा आवागमन और सुरक्षा संबंधी समस्याओं की लगातार शिकायतें की जा रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभाग ने स्थल का निरीक्षण किया जिसमें होटल का संचालन नियमों के खिलाफ पाया गया। जांच के दौरान होटल मालिक के रूप में अंकित सिंह का नाम सामने आया है जबकि होटल के संचालन की जिम्मेदारी रवीन्द्र देवांगन विजय गुप्ता और राहुल साहू के पास बताई गई। बिना आवश्यक अनुमति और आवासीय क्षेत्र में व्यवसायिक गतिविधि संचालित किए जाने को नियमों का उल्लंघन माना गया। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आवासीय क्षेत्रों में नियम विरुद्ध किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




