
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ ने आवास निर्माण के क्षेत्र में नया इतिहास रचते हुए चालू वित्तीय वर्ष 2025–26 में महज 10 माह 4 दिन के भीतर 5 लाख आवासों का निर्माण पूरा कर लिया है। यह उपलब्धि राज्य के लिए गौरव का विषय है और देशभर में छत्तीसगढ़ की मजबूत पहचान बनी है। इस ऐतिहासिक सफलता में बिलासपुर जिला एक बार फिर प्रदेश में नंबर वन बनकर उभरा है और लगातार दूसरी बार शीर्ष स्थान पर अपनी बादशाहत बरकरार रखी है।इस रिकॉर्ड उपलब्धि के पीछे राज्य सरकार और प्रशासन की मजबूत इच्छाशक्ति और प्रभावी कार्ययोजना रही। कठिन परिस्थितियों, विशेषकर मानसून के बावजूद राज्य में औसतन प्रतिदिन 1600 से अधिक आवासों का निर्माण किया गया। छत्तीसगढ़ के इतिहास में यह पहली बार है जब एक ही वित्तीय वर्ष में इतने बड़े पैमाने पर आवास निर्माण कार्य समय से पहले पूरा हुआ है आवास निर्माण में बिलासपुर जिले का योगदान सबसे अहम रहा। जिले में कुल 29 हजार 235 आवासों का निर्माण कर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया गया। जिला प्रशासन जनपद पंचायतों और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से यह लक्ष्य संभव हो सका। इससे पहले वर्ष 2024–25 में भी बिलासपुर ने 40 हजार से अधिक आवास बनाकर प्रदेश में रिकॉर्ड कायम किया था। प्रदेश के अन्य जिलों में महासमुंद, बलरामपुर, कोरबा और रायगढ़ टॉप-5 में शामिल रहे, लेकिन गति और लक्ष्यपूर्ति में बिलासपुर सबसे आगे रहा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप अग्रवाल ने इस उपलब्धि का श्रेय टीमवर्क, सख्त निगरानी और जमीनी स्तर पर किए गए सतत प्रयासों को दिया।




