
महिला सुरक्षा के मुद्दे को लेकर इन्नर व्हील क्लब की महिलाओं ने शुक्रवार को सड़क पर उतरकर जोरदार रैली निकाली। रैली का उद्देश्य समाज में बढ़ते अत्याचारों के प्रति जनजागरूकता फैलाना और महिलाओं को अपने अधिकारों के लिए खड़े होने का संदेश देना था। क्लब की सदस्याओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारे लगाए और महिला सम्मान तथा सुरक्षा की मांग को बुलंद किया। इन्नर व्हील क्लब की अध्यक्ष श्रीमती चावला ने बताया कि आज भी महिलाएं न जाने कितनी तरह की तकलीफों से गुजरती हैं। घरेलू हिंसा से लेकर कार्यस्थल पर हो रहे उत्पीड़न तक, महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आती रहती हैं।

उन्होंने कहा कि डर और चुप्पी, दोनों ही महिलाओं के लिए सबसे बड़ी बाधा बन जाते हैं, इसलिए अब समय आ गया है कि महिलाएं अपने अंदर के भय को छोड़कर खुलकर सामने आएं। अध्यक्ष ने कहा कि उनके क्लब का प्रयास है कि समाज की हर उस महिला तक संदेश पहुंचाया जाए जो किसी न किसी प्रकार के अन्याय से जूझ रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अब महिलाओं को डरने की नहीं, बल्कि अपने हक और अधिकारों के लिए लड़ने की जरूरत है। रैली के माध्यम से यही संदेश दिया गया कि अगर महिलाएं एकजुट होंगी तो किसी भी तरह की समस्या का सामना मजबूती से किया जा सकता है। रैली के दौरान क्लब की महिलाओं ने राह चलते लोगों को भी महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की। इन्नर व्हील क्लब ने यह भी बताया कि यदि किसी महिला को परेशानी हो या वह किसी प्रकार के उत्पीड़न का शिकार हो रही हो, तो वह क्लब से सीधे संपर्क कर सकती है।




