Site icon Grand Gumber News

ईद-उल-अजहा को लेकर बकरा बाजार में रौनक, 10 हजार से लेकर 1 लाख तक में बिक रहे बकरे,रपटा पार विशेष मंडी में जुटे दूर-दराज के व्यापारी, खरीदारों में दिखा उत्साह

बिल्हा क्षेत्र के रपटा पार सब्जी बाजार में ईद-उल-अजहा से ठीक पहले शनिचरी के दिन विशेष बकरा बाजार का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी और खरीदार पहुंचे। इस मंडी में कुर्बानी के लिए बकरों की जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। बकरीद को लेकर लोगों में खासा उत्साह नजर आया और बाजार में हजारों से लेकर लाखों रुपये तक के बकरे बिकते देखे गए।इस बार मंडी में पेंड्रा, मरवाही, कोरबा, रायपुर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और ओडिशा से भी व्यापारी पहुंचे, जो विभिन्न नस्लों के बकरे लेकर आए थे। इनमें तोतापरी, जमनापारी, बर्बरी, अजमेरी और पंजाबी नस्ल के बकरे लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। सफेद, लाल-काले और तीन रंगों वाले बकरों की मांग सबसे ज्यादा रही। कुछ बकरों को चना, बादाम और काजू खिलाकर खास तरीके से तैयार किया गया था, जिससे उनकी कीमत लाखों तक पहुंच गई।

बकरा खरीदने पहुंचे लोगों ने बताया कि कुर्बानी के लिए बकरा चुनते समय विशेष सावधानी बरती जाती है। बकरा तंदुरुस्त होना चाहिए, उसका सींग टूटा न हो, शरीर पर कोई जख्म न हो, दो दांत हों और उसकी उम्र कम से कम एक साल होनी चाहिए, तभी कुर्बानी मान्य मानी जाती है। इसी वजह से खरीदार मंडी में बकरे को हर पहलू से परखते नजर आए।बकरा बाजार में कुछ खास बकरे लोगों की चर्चा का विषय बने रहे। कोई अपनी भारी-भरकम कद-काठी तो कोई अनोखे रंग और नाम की वजह से सबका ध्यान खींचता रहा।कई लोग लाखों के बकरों के साथ सेल्फी लेते भी नजर आए।ईद-उल-अजहा को लेकर जिलेभर की मंडियों में इसी तरह की रौनक बनी हुई है और खरीदार अंतिम समय तक अपनी पसंद का बकरा तलाशने में जुटे हैं।

Exit mobile version