Site icon Grand Gumber News

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का किया निरीक्षण निर्माण की गुणवत्ता पर दिए निर्देश, कहा- छत्तीसगढ़ की तरक्की का मुख्य मार्ग बनेगा यह सड़क

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने शनिवार को रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे के निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। रायपुर से कांकेर जाते समय उन्होंने अभनपुर क्षेत्र में निर्माणाधीन ओवरब्रिज और सड़क का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से निर्माण सामग्री और गुणवत्ता की विस्तृत जानकारी ली।निरीक्षण के दौरान श्री साव ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं हो। उन्होंने तय समय सीमा में निर्माण पूरा करने की बात दोहराई और निर्माण एजेंसी को तकनीकी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

ग्राम भेलवाडीह में एक्सप्रेस-वे के सड़क निर्माण स्थल पर निरीक्षण करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखा जाए। अधिकारियों ने उन्हें अवगत कराया कि परियोजना का अधिकांश काम पूर्ण हो चुका है और कार्य तेजी से अंतिम चरण में है।

श्री साव ने कहा कि रायपुर विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे राज्य के लिए एक आर्थिक रीढ़ साबित होगा। यह परियोजना छत्तीसगढ़ को न केवल विशाखापट्टनम बंदरगाह से जोड़ेगी बल्कि व्यापार और निवेश के नए अवसर भी खोलेगी। भारतमाला परियोजना के तहत बन रही यह सड़क देश की प्रगति में भी बड़ी भूमिका निभाएगी।

Exit mobile version