Site icon Grand Gumber News

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के लिए मशाल गौरव यात्रा को दिखाई हरी झंडी

बिलासपुर 1 जनवरी उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने छत्तीसगढ़ की मेजबानी में पहली बार आयोजित होने जा रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स के प्रचार-प्रसार हेतु मशाल गौरव यात्रा को नवा रायपुर स्थित अपने शासकीय निवास से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मशाल यात्रा आयोजन के शुभंकर मोरवीर थीम सांग और मशाल के साथ प्रदेश के सभी जिलों में भ्रमण कर लोगों को खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की जानकारी देगी।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का विषय है कि देश में पहली बार हो रहे खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स की मेजबानी राज्य को मिली है। उन्होंने इसके लिए भारत सरकार एवं केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आयोजन को लेकर राज्य में तैयारियां तेज़ी से की जा रही हैं।

फरवरी माह में होने वाले इस राष्ट्रीय आयोजन की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मशाल गौरव यात्रा शुरू की गई है। खेलो इंडिया नेशनल ट्राइबल गेम्स में कुल सात खेलों को शामिल किया गया है, जिनमें हॉकी, फुटबॉल, तीरंदाजी, तैराकी, कुश्ती, एथलेटिक्स और वेट-लिफ्टिंग शामिल हैं। इन खेलों में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के चयन के लिए 7 और 8 जनवरी को ट्रायल आयोजित किए जाएंगे।

Exit mobile version