
सारंगढ़ सहित पवनी, भटगांव और सरसींवा नगर पंचायतों में नवनिर्मित अटल परिसरों का लोकार्पण बुधवार को उप मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव ने किया। इस अवसर पर उन्होंने सारंगढ़ में दो करोड़ और तीनों नगर पंचायतों में एक-एक करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सारंगढ़ के हितग्राहियों को नवनिर्मित मकानों की चाबी भी सौंपी।

कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।श्री साव ने कहा कि भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता हैं, उनके सम्मान में प्रदेश के हर नगरीय निकाय में ‘अटल परिसर’ का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने अटल परिसरों को स्वच्छ और आदर्श सार्वजनिक स्थल के रूप में संजोने की अपील भी की।

पवनी में जल आवर्धन योजना के लिए ₹5.30 करोड़, भटगांव में ₹14 करोड़ की योजना पूर्ण और ₹5.76 करोड़ अतिरिक्त कार्यों के लिए, वहीं सरसींवा में नल कनेक्शन हेतु ₹8.5 करोड़ और ₹2 करोड़ विकास कार्यों के लिए मंजूरी दी गई है।सारंगढ़ नगर पालिका में भी ₹8.18 करोड़ विकास कार्यों, ₹6.40 करोड़ नाली निर्माण और ₹4.41 करोड़ की लागत से नालंदा पुस्तकालय परिसर की स्वीकृति दी गई है। उप मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नगरीय विकास राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और अटल परिसरों के माध्यम से यह पहल सामाजिक और सांस्कृतिक विकास की नई दिशा तय करेगी।




