
रायपुर :- रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में शुक्रवार को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीन दिवसीय प्रॉपर्टी एक्सपो का शुभारंभ किया। क्रेडाई छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित इस एक्सपो में 40 डेवलपर्स 300 से अधिक प्रोजेक्ट्स के साथ हिस्सा ले रहे हैं। विधायक पुरंदर मिश्रा और महापौर मीनल चौबे भी उद्घाटन समारोह में शामिल हुए।श्री साव ने कहा कि रायपुर तेजी से वर्ल्ड क्लास सिटी के रूप में विकसित हो रहा है और राज्य सरकार निवेश आकर्षित करने के लिए नई औद्योगिक नीति पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अटल निर्माण वर्ष के तहत बुनियादी ढांचे का बड़ा विकास कार्य होगा। एक्सपो की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि यह लोगों को एक ही छत के नीचे रेरा अप्रूव्ड प्रॉपर्टी उपलब्ध कराता है।महापौर मीनल चौबे ने कहा कि यह एक्सपो अवैध प्लॉटिंग और निर्माण से बचते हुए वैध प्रॉपर्टी खरीदने का भरोसेमंद प्लेटफॉर्म है। वहीं, विधायक पुरंदर मिश्रा ने आयोजकों को धन्यवाद देते हुए इसे आम नागरिकों के लिए उपयोगी बताया। क्रेडाई अध्यक्ष पंकज लाहोटी और सचिव अभिषेक बछावल ने इसे राज्य के भविष्य की तस्वीर बदलने वाला आयोजन बताते हुए सामाजिक सरोकारों से भी जोड़ा और गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग की घोषणा की।




