Site icon Grand Gumber News

उप मुख्यमंत्री ने किया नवनिर्मित विधानसभा भवन का निरीक्षण प्रधानमंत्री 1 नवम्बर को करेंगे लोकार्पण

उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री श्री अरुण साव ने नवा रायपुर में निर्माणाधीन छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन के अंतिम दौर के कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने लोकार्पण की तैयारियों का भी जायजा लिया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आगामी 1 नवम्बर को राज्योत्सव के अवसर पर इस भव्य और आधुनिक विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे।

नए भवन में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपरा की झलक दिखाई देगी। सदन की सीलिंग पर धान की बालियां उकेरी गई हैं, जबकि ज्यादातर फर्नीचर बस्तर के शिल्पकारों द्वारा तैयार किया गया है। उप मुख्यमंत्री ने भवन के एयर कंडीशनिंग चीलर प्लांट का अवलोकन किया और अधिकारियों को अंतिम चरण के कार्यों हेतु दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि भवन को तीन सेक्टरों में विभाजित किया गया है और यह अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।इसके अलावा, श्री साव ने नवा रायपुर स्थित श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर का भी निरीक्षण कर राज्य स्थापना के रजत जयंती समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाओं को पूर्ण रूप से सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

Exit mobile version