Site icon Grand Gumber News

उसलापुर रेलवे स्टेशन में युवक से मारपीट,दो स्टेशन कर्मी हिरासत में

बिलासपुर के उसलापुर रेलवे स्टेशन में रविवार को एक युवक के साथ स्टेशन स्टाफ द्वारा मारपीट और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। मंगला गौरी गणेश कॉलोनी निवासी वंश शर्मा अपनी मां को लेने स्टेशन पहुंचा था, जहां पार्किंग विवाद के चलते स्टेशन कर्मियों ने उसके साथ बदसलूकी की। जानकारी के अनुसार, वंश शर्मा पिता अखिलेश शर्मा रविवार दोपहर अपनी स्कूटी लेकर उसलापुर रेलवे स्टेशन पहुंचा। ट्रेन आने में समय बाकी था, इसलिए वह स्कूटी को पार्किंग स्थल के बाहर खड़ा कर वहीं बैठ गया। इसी दौरान स्टेशन के वाहन स्टैंड के कर्मी वहां पहुंचे और स्कूटी हटाने को कहने लगे वंश ने कर्मियों को समझाते हुए कहा कि वह कहीं नहीं जा रहा है, बस अपनी मां को लेने आया है और ट्रेन आने के बाद तुरंत लौट जाएगा। लेकिन स्टैंड कर्मी उसकी बात सुनने को तैयार नहीं थे। उन्होंने गाड़ी पर जैमर लगाने की धमकी दी और बातों-बातों में युवक से गाली-गलौज शुरू कर दी। मामला यहीं नहीं रुका। युवक के अनुसार, स्टेशन के तीन से चार कर्मचारियों ने उसे पकड़कर मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। वंश ने वहां से निकलकर सिविल लाइन थाने में घटना की शिकायत दर्ज करवाई। थाना पुलिस ने वंश शर्मा की शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए स्टेशन स्टाफ के दो कर्मचारियों वीरेंद्र यादव और मोहम्मद राज को हिरासत में ले लिया है। दोनों के खिलाफ मारपीट, धमकी और गाली-गलौज के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अन्य आरोपियों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। स्टेशन परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर यात्रियों में एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।

Exit mobile version