
बिलासपुर :- एनएचएम कर्मचारियों की हड़ताल लगातार 20वें दिन भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने अनोखा तरीका अपनाते हुए भेल, पानी पुरी और चाय की दुकानें लगाकर सांकेतिक प्रदर्शन किया। आंदोलन स्थल पर मौजूद कर्मचारियों ने कहा कि यह प्रदर्शन सरकार की दमनकारी नीतियों के खिलाफ उनकी लड़ाई का प्रतीक है।दरअसल, हाल ही में एनएचएम संघ के कई पदाधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। इसके विरोध में गुरुवार को सभी एनएचएम कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से अपना इस्तीफा सीएमएचओ को सौंप दिया था। बर्खास्तगी और सामूहिक इस्तीफे के बाद कर्मचारी खुद को बेरोजगार स्थिति में पा रहे हैं।इसी बेरोजगारी के संकेत के तौर पर उन्होंने सड़क किनारे पानी पुरी और चाय की दुकानें लगाईं। इस दौरान राहगीरों को भी मुफ्त में नाश्ता और चाय परोसी गई। कर्मचारियों का कहना है कि अगर सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं देगी तो वे और भी सख्त कदम उठाने को मजबूर होंगे।आंदोलनरत कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक बर्खास्त कर्मचारियों की बहाली नहीं होती और उनकी लंबित मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा। हड़ताल की वजह से स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं और मरीजों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।




