
रायपुर :- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजधानी रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज सभागार में एरोकॉन 2025 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की तीन करोड़ जनता का स्वास्थ्य राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए वित्तीय संसाधनों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज रायपुर के छात्रों के लिए 65 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से निपटने में नवीनतम तकनीक और शोध बेहद अहम हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हर जिले में कैंसर डे-केयर सेंटर स्थापित किए जा रहे हैं और छत्तीसगढ़ भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। एम्स रायपुर में रोबोटिक सर्जरी सिस्टम की शुरुआत इसका उदाहरण है।उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लगातार स्वास्थ्य बजट बढ़ा रही है, नये मेडिकल कॉलेज खोल रही है और नवा रायपुर में 5,000 बिस्तरों की क्षमता वाली मेडिसिटी का निर्माण कर रही है। बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ अंचलों में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भी स्थापित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि एरोकॉन 2025 संगोष्ठी कैंसर की रोकथाम और उपचार में मील का पत्थर साबित होगी।विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया।




