
मंगलवार दोपहर एसपी ऑफिस स्थित वेतन शाखा में उस समय हड़कंप मच गया जब वहां करीब 8 से 10 फीट लंबा अषाढ़िया सांप दिखाई दिया। सांप को देखते ही वहां काम कर रहे कर्मचारी डर से इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरे ऑफिस परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सांप वेतन शाखा के पीछे लगे कूलर की खिड़की से कमरे के भीतर घुसा था। इसकी सूचना मिलते ही तत्काल स्नेक रेस्क्यू टीम को बुलाया। टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक सांप को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। सांप की प्रजाति ‘अषाढ़िया’ बताई गई है, जो मुख्यतः आषाढ़ महीने में अधिक नजर आती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक अषाढ़िया सांप आमतौर पर विषैला नहीं होता, लेकिन इसका आकार बड़ा और फुर्ती तेज होती है।जिससे यह डर का कारण बनता है। घटना के बाद कर्मचारियों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और ऑफिस परिसर की नियमित जांच की मांग की है।इस घटना के बाद एसएसपी रजनेश सिंह ने कार्यालय परिसर के हर एक कक्ष में निगरानी बढ़ाने और ऐसे संभावित खतरों से निपटने के लिए आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।बताया गया है कि अब परिसर की साफ-सफाई और बाहरी रास्तों की बारीकी से निगरानी की जाएगी ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।




