
बिलासपुर प्रवास के दौरान एसीएस और जिले के प्रभारी सचिव मनोज पिंगुआ ने अधिकारियों की बैठक लेकर फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सुशासन एक निरंतर प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य योजनाओं का लाभ आमजन तक सरलता से पहुंचाना है। उन्होंने योजनाओं के प्रभाव को मैदानी स्तर पर दिखाने और अगले दौरे में फील्ड विजिट कर फीडबैक लेने की बात कही।बैठक में उन्होंने नशाखोरी, सड़क दुर्घटना और यातायात की अव्यवस्था पर चिंता जताते हुए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता बताई।

उन्होंने सभी विभागों को मिलकर काम करने और जनता में जागरूकता लाने पर जोर दिया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान में समुदाय और उद्योगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही खाद-बीज की उपलब्धता, डीएपी विकल्प और कुपोषण दूर करने वाले पोंठ लईका अभियान की भी सराहना की।बैठक के बाद उन्होंने शहर का दौरा कर विकास कार्यों का निरीक्षण किया।उन्होंने अरपा किनारे बन रही स्मार्ट रोड, पचरीघाट और शिवघाट की जल संसाधन परियोजनाओं का जायजा लिया और कार्यों को गुणवत्तापूर्वक समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

कोनी स्थित बिलासा तालाब के सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की और वहां मनोरंजन केंद्र के रूप में तेजी से काम पूर्ण करने को कहा।शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने की दिशा में वैकल्पिक मार्गों और योजनाओं की जानकारी नगर निगम आयुक्त ने दी। इस दौरान कलेक्टर संजय अग्रवाल, एसएसपी रजनेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ और डीएफओ समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




