
जशपुर पुलिस ने ऑपरेशन अंकुश के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। ठगी के दो मामलों में फरार चल रहे आरोपी अंशु अग्रवाल को पुलिस ने झारखंड के गुमला से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी लंबे समय से फरार था और पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।जानकारी के मुताबिक आरोपी अंशु अग्रवाल और उसके साथी मिथलेश साहू ने पत्थलगांव और सन्ना क्षेत्र के व्यापारियों से मिलकर ठगी की थी। इनमें एक मामले में 38 लाख रुपये और दूसरे में 80 हजार रुपये की रकम हड़पी गई थी।पुलिस ने पहले ही आरोपी मिथलेश साहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि अंशु अग्रवाल घटना के बाद से फरार था। तकनीकी टीम और मुखबिर की मदद से पुलिस ने आरोपी को गुमला से दबोच लिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि ऑपरेशन अंकुश के तहत फरार आरोपियों की लगातार तलाश जारी है। पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में ठगी और अपराध पर अंकुश लगाया जा सके।




