
चौकी कोतबा क्षेत्र के चर्चित 98 किलो गांजा तस्करी मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। फरवरी 2025 में पकड़े गए आरोपी चैतन्य यादव की निशानदेही पर पुलिस ने उड़ीसा से फरार गांजा सप्लायर पुरस्तम बारीक को गिरफ्तार किया। आरोपी को ग्राम टटरकिला, थाना बानसुनी, जिला बोधा उड़ीसा से घेराबंदी कर पकड़ा गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।16 फरवरी 2025 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम राजाआमा में घेराबंदी कर चैतन्य यादव को 98 किलो 600 ग्राम अवैध गांजे के साथ पकड़ा था। पूछताछ में आरोपी ने बताया था कि यह गांजा उसे पुरस्तम बारीक ने उपलब्ध कराया था। इसके बाद जशपुर पुलिस ने टेक्निकल टीम और मुखबिर तंत्र की मदद से पुरस्तम की लोकेशन ट्रेस कर दबिश दी, हालांकि आरोपी लगातार ठिकाना बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।अंततः पुलिस को सूचना मिली कि वह अपने गांव टटरकिला में मौजूद है। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुरस्तम ने अपराध कबूल करते हुए चैतन्य यादव को व्हाट्सऐप के जरिए गांजा सप्लाई करने की बात स्वीकार की। गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी कोतबा उपनिरीक्षक बृजेश यादव, आरक्षक बूटा सिंह, अभय चौबे और पुस्तम यादव की अहम भूमिका रही। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।




