Site icon Grand Gumber News

“ऑपरेशन महिला सुरक्षा” अभियान के अंतर्गत बिलासपुर स्टेशन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

बिलासपुर :- रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार “ऑपरेशन महिला सुरक्षा” अभियान 18 अप्रैल से 24 अप्रैल 2025 तक देशभर में चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 22 अप्रैल को बिलासपुर रेलवे स्टेशन परिसर में महिला यात्रियों की सुरक्षा, अधिकारों और सतर्कता को लेकर एक विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में यात्रियों और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया।

इस जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन भारत स्काउट्स और गाइड्स, बिलासपुर जिला के वीर आज़ाद ग्रुप एवं MLB ओपन ग्रुप द्वारा किया गया। कार्यक्रम को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ। मुख्य आकर्षण का केंद्र एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक रहा, जिसमें महिला यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं जैसे सतर्कता, सहायता प्राप्त करने के उपाय और सामाजिक जागरूकता को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।

नाटक के माध्यम से महिलाओं को बताया गया कि यात्रा के दौरान उन्हें किन बातों का ध्यान रखना चाहिए—जैसे किसी अजनबी से अनावश्यक बातचीत से बचना, किसी भी परेशानी में 139 नंबर पर कॉल करना, अकेले यात्रा करते समय अपनी सीट की जानकारी परिजनों को साझा करना और महिला RPF से बिना हिचक मदद माँगना। इसके अलावा, रेल मदद मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सुविधाओं का लाभ कैसे उठाया जाए, यह भी बताया गया।

इस कार्यक्रम को यात्रियों और दर्शकों द्वारा खूब सराहा गया। रेलवे प्रशासन और RPF ने भारत स्काउट्स और गाइड्स की इस पहल की प्रशंसा करते हुए इसे महिला सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक एवं जिला आयुक्त (स्काउट) अनुराग कुमार सिंह तथा जिला आयुक्त (गाइड) नेहा सिंह के मार्गदर्शन में हुआ। सफल संचालन का श्रेय जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) दिलीप कुमार स्वाइन और जिला संगठन आयुक्त (गाइड) जी. ज्योति देव को गया।

Exit mobile version