Site icon Grand Gumber News

ऑपरेशन सोनचिरैया के तहत कुलीपोटा में युवाओं ने चलाया स्वच्छता अभियान। 22 मार्च को शहर में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाने की तैयारी

जांजगीर में स्वच्छता को लेकर युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर में चल रहे ऑपरेशन सोनचिरैया अभियान को अब युवाओं का व्यापक समर्थन मिलने लगा है। इसी कड़ी में रविवार को जांजगीर के कुलीपोटा क्षेत्र में टाटा शोरूम के सामने युवाओं की एक टीम ने स्वच्छता अभियान चलाया।अभियान के दौरान युवाओं ने सड़क और आसपास फैले कचरे को साफ किया तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। टीम के सदस्यों ने झाड़ू लगाकर और कचरा एकत्रित कर क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया। इस दौरान पार्थ तिवारी, महेंद्र चौहान, निखिल कहरा, पिंटू यादव, किशोर कुमार खूंटे और विक्रमादित्य सिंह सहित कई युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।युवाओं ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे कचरा इधर-उधर न फैलाएं और अपने घरों व आसपास के क्षेत्र को साफ रखने में सहयोग करें। टीम के सदस्यों ने बताया कि ऑपरेशन सोनचिरैया के तहत इससे पहले शहर के छह अलग-अलग स्थानों पर भी स्वच्छता अभियान चलाया जा चुका है, जबकि कुलीपोटा में यह सातवां अभियान रहा।अभियान के दौरान युवाओं ने गांव के सरपंच से भी मुलाकात कर स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर चर्चा की। सरपंच ने भी साफ-सफाई को लेकर सहयोग का आश्वासन दिया। टीम के सदस्यों ने बताया कि 22 मार्च को शहर में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में युवा, विद्यार्थी और सामाजिक संगठन शामिल होंगे।

Exit mobile version