Site icon Grand Gumber News

करोड़ों की शेयर ट्रेडिंग ठगी में बड़ी कार्रवाई शातिर महिला आरोपी श्वेता अवसरिया गिरफ्तार, अब तक 13 आरोपी सलाखों के पीछे

बलौदाबाजार के कसडोल थाना पुलिस को एक और सफलता हाथ लगी है। करोड़ों रुपए की ठगी के बहुचर्चित शेयर ट्रेडिंग घोटाले में पुलिस ने महिला आरोपी श्वेता अवसरिया को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपने पति और अन्य साथियों के साथ मिलकर दोगुना रकम लौटाने का झांसा देकर निवेशकों से करोड़ों की धोखाधड़ी की थी।पुलिस ने आरोपिया श्वेता अवसरिया (37 वर्ष), निवासी न्यू चांगोरभाठा, रायपुर को रायपुर से गिरफ्तार किया है। श्वेता ने अपने पति दिवाकर अवसरिया और मास्टरमाइंड रामनारायण साहू के साथ मिलकर दर्जनों लोगों से शेयर बाजार में निवेश कराने के नाम पर ठगी की। आरोपी निवेशकों को दो साल में रकम दोगुना करने का लालच देती थी।पुलिस ने आरोपिया के पास से दो बैंक पासबुक, चेक, डेबिट कार्ड, जमीन और सोने-चांदी के जेवरात के दस्तावेज जब्त किए हैं। इससे एक दिन पहले उसके पति दिवाकर अवसरिया से 9.71 लाख रुपए नकद, 4 मोबाइल फोन, 5 बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम, जेवरात और लेन-देन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए थे।अब तक इस मामले में थाना कसडोल में कुल 4 अलग-अलग FIR दर्ज की जा चुकी हैं और 13 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ठगी का नेटवर्क कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद और रायगढ़ जैसे कई इलाकों में फैला हुआ है। पुलिस को लगातार नए पीड़ितों से शिकायतें मिल रही हैं।पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान टीम गठित कर पूरे प्रकरण की गहन जांच की जा रही है। आरोपियों की संपत्ति जब्ती, बैंक खातों की निगरानी और साइबर विश्लेषण के लिए साइबर सेल भी शामिल की गई है। पुलिस ने अपील की है कि जिन लोगों से भी इस गिरोह ने ठगी की है, वे तत्काल थाना में संपर्क करें।

Exit mobile version