Site icon Grand Gumber News

करोड़ों के सोना चोरी मामले में जशपुर पुलिस का सघन तलाशी अभियान तेज पांच आरोपी जेल भेजे गए, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश

रैनीडांड़ थाना नारायणपुर क्षेत्र में हुई करोड़ों रुपये की सोना और नगदी चोरी के मामले में जशपुर पुलिस द्वारा सघन तलाशी अभियान लगातार जारी है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों और निवास स्थानों पर लगातार दबिश दे रही है।पुलिस के अनुसार इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है।

जांच में सामने आया है कि इस चोरी की वारदात प्रार्थी की भतीजी ने अपने बॉयफ्रेंड और अन्य साथियों के साथ मिलकर अपने ही बड़े पिताजी के घर में अंजाम दी थी। थाना नारायणपुर में इस संबंध में मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।पुलिस ने बताया कि प्रकरण में तीन आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। फरार आरोपियों के हर संभावित ठिकाने पर दबिश दी जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

इस मामले में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस पूरी गंभीरता और पेशेवर तरीके से जांच कर रही है तथा फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को फरार आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

Exit mobile version