Site icon Grand Gumber News

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं मूलभूत असुविधा को लेकर ज्यादा आवेदन

बिलासपुर, कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मंगलवार को साप्ताहिक जनदर्शन में सैकड़ों ग्रामीणों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर ने ग्रामीणों से खेती-किसानी की जानकारी ली और उनकी समस्याओं का गंभीरता से समाधान करने का आश्वासन दिया। जनदर्शन में तखतपुर के ग्राम साल्हेकापा के सरपंच और ग्रामीणों ने नहर की साफ-सफाई और मरम्मत की मांग रखी। ग्रामीणों का कहना था कि नहर की खराब स्थिति के कारण उन्हें कृषि कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता को तत्काल कार्यवाही करने के निर्देश दिए। मस्तूरी ब्लॉक के ग्राम ऊनी के सरपंच ने लीलागर नदी में एनीकेट निर्माण की मांग उठाई। उनका कहना था कि गर्मियों में नदी सूखने से जल स्तर नीचे चला जाता है, जिससे निस्तारी और पेयजल दोनों में समस्या होती है। इसी दौरान लोखण्डी गांव के ग्रामीणों ने पाइपलाइन टूटने से पानी की आपूर्ति बाधित होने की शिकायत भी दर्ज कराई, जिस पर पीएचई विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत पाराघाट के ग्रामीणों ने राशि स्टील एंड पावर लिमिटेड प्लांट के खिलाफ शिकायत की। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लांट से निकलने वाला विषैला पानी लीलागर नदी में छोड़ा जा रहा है और चिमनी से निकलने वाला धुआं बीमारियों को बढ़ा रहा है। कलेक्टर ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उद्योग विभाग को जांच के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने कलेक्टर के त्वरित संज्ञान लेने पर संतोष जताया।

Exit mobile version