Site icon Grand Gumber News

कलेक्टर ने जनदर्शन में सुनी लोगों की समस्याएं

बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साप्ताहिक जनदर्शन के दौरान आज दूर-दराज से पहुंचे ग्रामीणों एवं शहरवासियों की समस्याएं सुनीं। जनदर्शन में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं अधिकारियों ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मस्तुरी विकासखंड के ग्राम गुड़ी निवासी कोशम बाई सूर्यवंशी ने जनदर्शन में कलेक्टर से मुलाकात कर शौचालय एवं पशुशेड निर्माण कराए जाने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनका परिवार मजदूरी कर जीवन यापन करता है और शौचालय के अभाव में उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

कलेक्टर ने जिला पंचायत सीईओ को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। शहर के मोपका वार्ड क्रमांक 48 के रहवासियों ने सामूहिक ज्ञापन सौंपते हुए जोगनीन-जोगिया तालाब तक जाने वाले सार्वजनिक रास्ते को कब्जा मुक्त कराने की मांग की। कलेक्टर ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में जरहाभाठा निवासी संतोषी बाई ने कलेक्टर से आर्थिक सहायता की मांग करते हुए स्वयं का रोजगार स्थापित करने की इच्छा जताई। उन्होंने बताया कि वे एक दिव्यांग गरीब गृहणी हैं और किराये के मकान में रहकर जीवन यापन कर रही हैं। सब्जी व्यवसाय शुरू करने के लिए सहायता की मांग पर कलेक्टर ने लीड बैंक मैनेजर को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।

Exit mobile version