
बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित साप्ताहिक टीएल बैठक में जिले के विभिन्न विभागों की योजनाओं लंबित प्रकरणों और प्रस्तावित परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेही के साथ जनता के प्रति संवेदनशील होकर कार्य करने पर जोर दिया। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में कलेक्टर ने भू-अर्जन से जुड़े मामलों की गहन समीक्षा करते हुए सरकारी भूमि की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अर्जित भूमि संबंधित विभाग के नाम दर्ज हो तथा किसी भी स्थिति में शासकीय भूमि निजी हाथों में न जाने पाए। भूमि संबंधी धोखाधड़ी रोकने के लिए मेटा डेटा आधारित रिकॉर्ड प्रणाली अपनाने, फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के जरिए भूमि हेराफेरी के मामलों में अपराध दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और सीमांकन से जुड़े लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्वास्थ्य, खेल, अधोसंरचना, सड़क, पेयजल, सिंचाई, ड्रेनेज, अरपा नदी संवर्धन, पीएम सूर्यघर योजना सहित विभिन्न विभागों की प्रगतिरत एवं प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की।




