
लंबे इंतजार के बाद छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने आखिरकार बिलासपुर जिले के नए जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी। राहुल गांधी के “50 साल से कम उम्र वाले कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने” के निर्देश के तहत इस बार युवाओं को अहम दायित्व मिला है।बिलासपुर शहर का जिलाध्यक्ष सुधांशु मिश्रा को बनाया गया है, जबकि बिलासपुर ग्रामीण की कमान महेंद्र गंगोत्री को सौंपी गई है।नियुक्ति के बाद दोनों ही नेता शनिवार को कांग्रेस भवन पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।नव नियुक्त दोनों जिलाध्यक्षों ने कहा कि वे संगठन को मजबूत करेंगे और वरिष्ठ नेताओं द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाएंगे।उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि धान खरीदी की दिक्कतें, बिजली बिल में बढ़ोतरी और जमीन से जुड़े विवादों को लेकर कांग्रेस जल्द बड़े स्तर पर आंदोलन करेगी।हालांकि अंदरखाने यह चर्चा भी है कि इन नियुक्तियों पर कुछ वरिष्ठ नेता नाराज़ हैं। उनका कहना है कि पूरी प्रक्रिया सिर्फ औपचारिकता बनकर रह गई और नियुक्तियों में पूर्व लोकसभा प्रत्याशी देवेंद्र यादव की अहम भूमिका रही।अब असली चुनौती इन दोनों युवा अध्यक्षों के सामने यह होगी कि वे सबको साथ लेकर संगठन को आगे कैसे बढ़ाते हैं।




