Site icon Grand Gumber News

कुछ घंटों में उजड़ गया पूरा परिवार — सड़क हादसों ने छीन लिए तीन जीवन, अरईबंद में पसरा मातम, गांव में शोक की लहर

तखतपुर थाना क्षेत्र में हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने ग्राम अरईबंद के एक पूरे परिवार को शोक में डुबो दिया। कुछ ही घंटों के भीतर तीन जनों की दर्दनाक मौत से गांव में मातम पसरा हुआ है। पहली घटना उस समय हुई जब अरईबंद निवासी महिला इंद्राबाई बंजारे की तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए बाइक से तखतपुर ले जा रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई, जिससे इंद्राबाई गिर पड़ीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह खबर गांव पहुंची तो परिजनों में कोहराम मच गया।उधर, अपनी मां को देखने तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे संत बंजारे और उनका दोस्त जितेंद्र बंजारे जैसे ही अस्पताल पहुंचे, डॉक्टरों ने इंद्राबाई की मौत की पुष्टि कर दी। सदमे में डूबे दोनों युवक फिर परिजनों को सूचना देने गांव की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान खपरी गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।कुछ ही घंटों में तीन मौतों की खबर से अरईबंद गांव गम और सदमे में डूब गया है। गांव के लोगों का कहना है कि ऐसा हृदयविदारक दृश्य उन्होंने इससे पहले कभी नहीं देखा। परिवार पूरी तरह बर्बाद हो चुका है और पूरे गांव में शोक की लहर है। पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है और खपरी के पास खड़े ट्रक के चालक की तलाश जारी है। तखतपुर से विनय करिहार

Exit mobile version