
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर युवक से मारपीट करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों पर बीएनएस की विभिन्न धाराओं सहित एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।पुलिस के अनुसार 8 जनवरी को छह युवकों ने विशाल खाखा नामक युवक को समझौते के बहाने कंडोरा मैदान के पास बुलाकर गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्के और बेल्ट से मारपीट की थी। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। एसएसपी जशपुर ने कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




