
कोतरारोड़ थाना क्षेत्र के कुरमापाली पेट्रोल पंप पर पेट्रोलकर्मियों से मारपीट के मामले में रायगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर-जमानतीय धाराओं के तहत न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार शराब पीने के लिए पैसे मांगने पर मना किए जाने से नाराज आरोपियों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों के साथ गाली-गलौच और मारपीट की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान भानू प्रताप बघेल, कौशल बघेल, उत्तरा कुमार बघेल और सुभाष बघेल के रूप में की गई, जिन्हें ग्राम गोर्रा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।पुलिस ने आरोपियों से घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं। तीन आरोपी पूर्व से ही आपराधिक प्रवृत्ति के बताए जा रहे हैं। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हिंसा और गुंडागर्दी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




