Site icon Grand Gumber News

केंद्रीय जेल में हेपेटाइटिस जांच शिविर आयोजित 200 कैदियों की बी व सी की स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य जागरूकता पर जोर

राष्ट्रीय वायरल हेपेटाइटिस नियंत्रण कार्यक्रम के तहत 12 जनवरी को बिलासपुर केंद्रीय जेल में कैदियों के लिए सघन स्वास्थ्य परीक्षण एवं हेपेटाइटिस जांच शिविर का आयोजन किया गया। सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में कुल 200 कैदियों की हेपेटाइटिस बी एवं हेपेटाइटिस सी की जांच की गई। जांच प्रक्रिया को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा लैब टेक्नीशियन और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की तैनाती की गई थी।

शिविर का संचालन जिला नोडल अधिकारी हेपेटाइटिस/आईडीएसपी/आरसीएच डॉ. रक्षित जोगी के पर्यवेक्षण में किया गया। इस दौरान कैदियों को हेपेटाइटिस के लक्षण, संक्रमण के कारण, समय पर जांच, बचाव और उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य जोखिम समूहों में समय रहते बीमारी की पहचान कर उपचार सुनिश्चित करना और हेपेटाइटिस के प्रसार को प्रभावी रूप से नियंत्रित करना है।

Exit mobile version