Site icon Grand Gumber News

केंद्रीय बजट पर भाजपा नेताओं की एकजुट प्रतिक्रिया विकसित भारत और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव रखता है बजट

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट को लेकर छत्तीसगढ़ में भाजपा नेताओं के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। प्रदेश के वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने इस बजट को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह बजट भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है। बजट में आम नागरिक, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग की जरूरतों को प्राथमिकता दी गई है। करबला स्थित भाजपा कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि यह बजट आम लोगों के जीवन को सरल और सुविधाजनक बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए आर्थिक सुधारों की श्रृंखला को यह बजट और आगे बढ़ाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट समाज के हर वर्ग के विकास को सुनिश्चित करते हुए भारत को तेजी से विकसित राष्ट्र की ओर ले जाएगा।पूर्व मंत्री एवं बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रस्तुत यह बजट भारत को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने वाला है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में लागू की गई नीतियों का ही परिणाम है कि भारत आज विश्व की 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और यह बजट उसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए विकसित भारत की मजबूत नींव रखता है। बजट को लेकर भाजपा नेताओं में उत्साह का माहौल लगातार देखने को मिल रहा है। इसी क्रम में भाजपा नेता सुशांत शुक्ला ने अपने क्षेत्र अंतर्गत प्रदेश स्तर पर नियुक्त पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें बधाई दी और सम्मानित किया। इस अवसर पर बजट के विभिन्न प्रावधानों को लेकर कार्यकर्ताओं के साथ विस्तृत चर्चा भी की गई।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता भूपेन्द्र सवन्नी ने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक निर्णायक और दूरदर्शी कदम है। उन्होंने बताया कि बजट में छोटे उद्योगों और स्टार्टअप को प्रोत्साहन, महिलाओं के लिए विशेष स्टार्टअप योजनाएं, किसानों के लिए ऋण सुविधा, किसान क्रेडिट कार्ड और कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग से जोड़ने जैसे प्रावधानों पर विशेष जोर दिया गया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि कुल मिलाकर यह बजट समावेशी, जनकल्याणकारी और दूरदर्शी है, जो देश को आर्थिक रूप से मजबूत करने के साथ-साथ भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बजट से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और देश की विकास यात्रा को नई गति मिलेगी।

Exit mobile version