
पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा ने केशकाल नगर सीमा अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चल रहे सड़क नवीनीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने एसडीएम कार्यालय में आयोजित बैठक में भाग लेकर सड़क निर्माण, अतिक्रमण हटाने, मार्ग डायवर्जन और यातायात व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।बैठक के बाद एसपी पंकज चंद्रा ने डिपो चौक से थाना परिसर तक पैदल भ्रमण कर निर्माण कार्य की प्रगति, सड़क किनारे अतिक्रमण की स्थिति और यातायात प्रबंधन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नाली तक अतिक्रमण कर दुकानें संचालित कर रहे व्यापारियों को शीघ्र अतिक्रमण हटाने के सख्त निर्देश दिए गए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क चौड़ीकरण में बाधा बनने वाले किसी भी अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अव्यवस्थित रूप से खड़े 25 वाहनों के विरुद्ध केशकाल पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई, जिसमें लगभग 7,500 रुपये की चालानी वसूली की गई। एसपी ने बस संचालकों को शहर क्षेत्र में ओवरस्पीड और ओवरटेकिंग न करने की हिदायत दी।एसपी पंकज चंद्रा ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और नगरवासियों से अपील की कि सड़क नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने तक प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत द्वारा चिन्हित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।उन्होंने बताया कि केशकाल शहर की मुख्य सड़क के पुनर्निर्माण को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। मार्ग डायवर्जन, अतिक्रमण हटाने और वैकल्पिक मार्गों को लेकर समयबद्ध कार्ययोजना बनाई गई है। आने वाले दिनों में विशेष अभियान चलाकर सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे, ताकि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जा सके।




