Site icon Grand Gumber News

कोरबा में गांजा तस्करों पर कार्रवाई करने गई बिलासपुर आबकारी टीम पर हमला, मुख्य आरोपी फरार…

कोरबा जिले में अवैध गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची बिलासपुर आबकारी विभाग की टीम पर तस्करों ने हमला कर दिया। इस हमले में विभाग के वाहन चालक को चोटें आईं, जबकि मुख्य आरोपी विजय सिंह सारथी फरार हो गया।बिलासपुर संभागीय आबकारी उड़नदस्ता प्रभारी मुकेश पांडे के नेतृत्व में पांच सदस्यीय टीम बुधवार को कोरबा के बुधवारी इलाके में छापेमारी करने पहुंची थी। लंबे समय से इस क्षेत्र में अवैध गांजा तस्करी की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। जब टीम ने एक मकान में छापा मारा, तो तस्करों ने अचानक हमला कर दिया। इस दौरान अधिकारियों के साथ मारपीट हुई और वाहन चालक घायल हो गया। अफरातफरी के बीच मुख्य आरोपी विजय सारथी भागने में सफल रहा, लेकिन टीम ने एक युवक को पकड़ लिया।गिरफ्तार युवक ने पूछताछ में खुलासा किया कि वह विजय सारथी और उसके साथी छोटका रेड्डी के लिए काम करता था और उसे 500 रुपये की दिहाड़ी पर गांजा बेचने का काम दिया जाता था। इस बयान से इलाके में सक्रिय नशा तस्करी नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है।घटना की जानकारी मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गिरफ्तार युवक को हिरासत में लिया।आबकारी टीम पर हमला करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने विजय सारथी और छोटका रेड्डी की तलाश तेज कर दी है।आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध नशा कारोबारियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा। वहीं इस घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कोरबा में स्थानीय पुलिस और अधिकारियों की निष्क्रियता के चलते तस्कर इतने बेखौफ कैसे हो गए। अब देखना होगा कि पुलिस इस मामले में कितनी तेजी से कार्रवाई कर फरार तस्करों को पकड़ पाती है।

Exit mobile version