
कोरबा जिले के सतरंगा-लेमरू मार्ग पर गुरुवार को भूस्खलन से सड़क पर भारी मलबा गिर गया। पहाड़ का बड़ा हिस्सा टूटकर मुख्य मार्ग पर आ गिरा।अचानक हुई इस घटना से दोनों ओर का यातायात रुक गया। कई वाहन फंस गए, लेकिन गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। छोटे वाहन लौटने को मजबूर हुए।सूचना पर पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचा। राहत-बचाव कार्य के लिए जेसीबी लगाई गई है, लेकिन भारी मलबे और बड़े पत्थरों से रास्ता खोलने में समय लगेगा।फिलहाल ग्रामीणों और राहगीरों को वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने अनावश्यक आवागमन से बचने की अपील की है और जल्द मार्ग बहाल करने का प्रयास जारी है।




