
कोटा थाना क्षेत्र के पिकनिक स्पॉट कोरी डेम में शराब पीकर वाहन चलाने और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शनिवार को पुलिस ने 16 लोगों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की।

यह अभियान चेतना विरुद्ध नशा एवं प्रहार अभियान के अंतर्गत चलाया गया।जिला पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अर्चना झा और एसडीओपी नुपूर उपाध्याय के मार्गदर्शन में यह विशेष कार्रवाई की गई।

बारिश के मौसम और नदियों में जलस्तर बढ़ने के चलते पुलिस ने इलाके में लाउडस्पीकर से मुनादी कराई, जिसमें पर्यटकों को तेज बहाव वाली नदी में प्रवेश न करने और बच्चों को पानी से दूर रखने की अपील की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर नशे की हालत में हुड़दंग या वाहन चलाने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई में निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, उप निरीक्षक मीना ठाकुर सहित अन्य थाना स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई।




